PM मोदी बोले- एक सोच से आगे बढ़ रहे भारत-फ्रांस, मैक्रों ने की इनोवेशन की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत, फ्रांस और अन्य देशों के स्टार्टअप्स तथा वेंचर कैपिटल फंड्स को एक मंच पर लाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस का रिश्ता सिर्फ व्यापार और कूटनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि साझा मूल्यों, भरोसे और भविष्य के लिए एक जैसी सोच पर आधारित है। उन्होंने कहा कि दोनों देश एक साझा विजन के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत को “इनोवेशन का देश” बताते हुए कहा कि फ्रांस रक्षा, तकनीक और कई अन्य क्षेत्रों में ‘मेक इन इंडिया’ का भागीदार रहा है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जलवायु परिवर्तन और नागरिक परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत किया जा सकता है।
मैक्रों ने स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर (SMR) जैसी नई परमाणु तकनीकों में सहयोग की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें तकनीक, हेल्थ टेक, मेडिकल टेक्नोलॉजी, AI, सेमीकंडक्टर और स्पेस सेक्टर से जुड़े कई समझौतों पर चर्चा हुई। साथ ही भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों की संभावित डील पर भी बातचीत हुई।
प्रधानमंत्री मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर हैं। फ्रांस में वे G7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प समेत कई वैश्विक नेताओं से उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।





