भारत-अफगानिस्तान मुकाबले से पहले बारिश, रोहित के नाम जुड़ सकता है बड़ा रिकॉर्ड

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले पहले वनडे मुकाबले में बारिश ने खलल डाल दिया है। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में लगातार बारिश के कारण टॉस निर्धारित समय पर नहीं हो सका। मौसम विभाग ने मैच के दौरान बारिश की संभावना जताई है, जिससे मुकाबले पर मौसम का साया बना हुआ है।
दोनों टीमें पहली बार किसी द्विपक्षीय वनडे सीरीज में आमने-सामने हैं। इससे पहले भारत और अफगानिस्तान की भिड़ंत वनडे वर्ल्ड कप और एशिया कप जैसे टूर्नामेंटों में हो चुकी है। अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए चार वनडे मैचों में भारत ने तीन जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा था।
भारतीय टीम को इस सीरीज में कई वरिष्ठ खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी का सामना करना पड़ रहा है। विराट कोहली और हार्दिक पंड्या चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। ऐसे में युवा खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है। प्रिंस यादव और गुरनूर बरार में से किसी एक को अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में डेब्यू का अवसर मिल सकता है।
इस मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड भी जुड़ सकता है। 39 साल और 44 दिन की उम्र में मैदान पर उतरते ही वह भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। इसके साथ ही वह मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी शुभमन गिल, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल पर रहेगी। वहीं गेंदबाजी में कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
अफगानिस्तान की टीम की नजरें इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई और स्टार स्पिनर राशिद खान पर टिकी होंगी। हालिया वनडे मुकाबलों में इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा है।
फिलहाल सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं और बारिश रुकने के बाद ही मुकाबले की शुरुआत को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।





