भारत-पाक महामुकाबले से पहले पाकिस्तान को झटका, कप्तान फातिमा सना का खेलना मुश्किल

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें एजबेस्टन स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों का टूर्नामेंट में यह पहला मुकाबला होगा। भारत पिछली बार सेमीफाइनल तक पहुंचा था, जबकि पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका था।
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 13 मैच जीते हैं। वहीं टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 8 बार भिड़ी हैं, जिसमें भारत ने 6 और पाकिस्तान ने 2 मैच जीते हैं।
मैच से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लग सकता है। टीम की कप्तान फातिमा सना अभ्यास सत्र के दौरान घुटने में चोटिल हो गईं। उनकी फिटनेस को लेकर सस्पेंस बना हुआ है और उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है।
भारतीय टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पर होगी। शेफाली ने 2025 के बाद 21 मैचों में 677 रन बनाए हैं, जबकि मंधाना के नाम 18 मैचों में 572 रन दर्ज हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगी।
पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली, आयशा जफर और आलिया रियाज बल्लेबाजी की अहम कड़ी होंगी। गेंदबाजी में सादिया इकबाल, नशरा संधू और तुबा हसन पर टीम की उम्मीदें टिकी रहेंगी।
बर्मिंघम में मौसम साफ रहने की संभावना है। एजबेस्टन की पिच पर तेज गेंदबाजों को शुरुआती मदद मिल सकती है, जबकि बाद में स्पिनरों की भूमिका अहम रहेगी। इस मैदान पर महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहली पारी का औसत स्कोर 145 रन है।
मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। इसका लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी।





