भारतीय मूल के निखिल चौधरी का बड़ा मुकाम, ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम में चयन

भारत में जन्मे ऑलराउंडर निखिल चौधरी को पहली बार ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम में शामिल किया गया है। 30 वर्षीय निखिल बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा होंगे। उन्हें स्टार बल्लेबाज ट्रैविस हेड की जगह टीम में मौका मिला है, जिन्हें आराम दिया गया है।

पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुके निखिल चौधरी वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। वहां उन्होंने ग्रेड क्रिकेट, तस्मानिया और बिग बैश लीग (BBL) में होबार्ट हरिकेन्स के लिए शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई। अब उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने का मौका होगा। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टी-20 सीरीज 17 जून से शुरू होगी।

निखिल ने 2024-25 सीजन में होबार्ट हरिकेन्स को बिग बैश लीग का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। हाल ही में उन्होंने शेफील्ड शील्ड में अपना पहला शतक भी लगाया और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।

ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा कि निखिल लंबे समय से राष्ट्रीय टीम के संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल थे। चयनकर्ता उनके बिग बैश और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन से प्रभावित रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि निखिल अभी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक नहीं हैं, लेकिन ICC के निवास संबंधी नियमों को पूरा करने के कारण वे ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के पात्र हैं।

निखिल 2020 में अपने चाचा से मिलने क्वींसलैंड गए थे, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद होने के कारण वहीं रुक गए। बाद में उन्हें ऑस्ट्रेलिया में स्थायी निवास मिल गया और यहीं से उनके क्रिकेट करियर ने नई दिशा पकड़ी।

ब्रिस्बेन में ग्रेड क्रिकेट खेलते समय तत्कालीन हरिकेन्स गेंदबाजी कोच और वर्तमान सिडनी सिक्सर्स कोच जेम्स होप्स की नजर उन पर पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने लगातार तीन सफल बिग बैश सीजन खेले और अब राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान मिचेल मार्श के हाथों में होगी। टीम में कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस, एडम जैम्पा, नाथन एलिस और टिम डेविड जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button