भीषण गर्मी से लोग बेहाल: अधिकतम तापमान 43.2 और न्यूनतम 30.5 डिग्री दर्ज

शहर में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी लू चली, जिससे लोगों को दिन के साथ रात में भी राहत नहीं मिली। शहर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री दर्ज किया गया।
इस सीजन का सबसे गर्म दिन 19 मई रहा था, जब अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं 20 मई के बाद शुक्रवार को फिर न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही तेज गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई थीं, जो दिनभर जारी रहीं।
तेज धूप और गर्मी के कारण लोग बचाव के उपाय करके ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार 26 मई तक गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। गर्मी का असर बच्चों पर भी देखने को मिला। एक बच्ची गर्मी से परेशान होकर रोने लगी तो परिजनों ने उसे नहलाकर राहत दिलाई।





