भागवत कथा में जा रही बस हादसे का शिकार: एक्सप्रेस-वे पर पलटी, 52 लोग घायल

अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी एक वोल्वो बस पलट गई। हादसे में करीब 50 से 52 यात्री घायल हो गए। सभी यात्री गोवर्धन में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 139.600 पर बस अचानक बेकाबू होकर हाईवे से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एनएचएआई टीम को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस, एनएचएआई की एम्बुलेंस और राहत टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बने सिंह मीणा ने राहत एवं बचाव कार्य संभालते हुए स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को पिनान हॉस्पिटल और अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि 6 लोगों को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं 14 वर्षीय एक बच्ची के पैर में फ्रैक्चर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है। घायल ललिता गोयल के आंख और सिर में गंभीर चोट आई है।

बस में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी अग्रवाल परिवार के करीब 50 महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे। सभी लोग गोवर्धन में भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस और एनएचएआई टीम ने यातायात को जल्द सुचारू करवा दिया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button