मानसिक बीमारी से जूझ रही युवती ने किया सुसाइड: अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से लगाई छलांग

जयपुर में शुक्रवार दोपहर एक युवती ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना कालवाड़ थाना इलाके की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय युवती पिछले चार साल से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। वह हाथोज स्थित अपने फ्लैट पर अक्सर जाया करती थी। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे वह घर से निकलकर करीब 100 मीटर दूर स्थित एक रेजीडेंसी की छत पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि युवती ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बचपन में साइकिल से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद से वह बीमार रहती थी और पिछले चार वर्षों से उसकी मानसिक स्थिति ज्यादा खराब रहने लगी थी। परिजनों ने उसका अस्पताल में इलाज भी करवाया था।





