BJP प्रदेशाध्यक्ष बोले- कांग्रेस को NEET पर बोलने का हक नहीं, उनके राज में पेपर लीक आम थे

NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में 17 पेपर लीक हुए थे, जबकि मौजूदा भजनलाल सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
अलवर में पंडित दीनदयाल महा अभियान के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को सवाल पूछने से पहले अपने शासनकाल को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के करीबी माने जाने वाले RPSC से जुड़े लोगों पर भी पेपर लीक के गंभीर आरोप लगे थे।
राठौड़ ने कहा कि वर्तमान सरकार पेपर लीक मामलों को लेकर सख्त है और दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने NTA की ओर से NEET परीक्षा रद्द कर नई तारीख घोषित करने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे छात्रों का नुकसान कम होगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार के दौरान हुए कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से आमजन तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने की अपील भी की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार पारदर्शिता और सख्त प्रशासन के साथ काम कर रही है।





