पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लाख के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

अलवर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शिवाजी पार्क इलाके से आरोपी को दबोचा और उसकी कार से 53 किलो 660 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है।

सिटी सीओ अंगद शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मायाराम उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह यूपी से गांजे की खेप लेकर अलवर पहुंचा था और यहां सप्लाई करने की तैयारी में था। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जिले के कई इलाकों में गांजा सप्लाई करता रहा है, हालांकि उसने अलवर शहर में पहली बार आने की बात कही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यहां किसे गांजा पहुंचाने आया था।

पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। साथ ही अवैध मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क को खंगालने और तस्करी की चेन तोड़ने पर फोकस किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button