भारतीय सेना की पूर्वी कमान को मिला नया नेतृत्व, ले. जन. कृष्णन बने कमांडर

भारतीय सेना की पूर्वी कमान में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। करीब चार दशक की सेवा के बाद राम चंदर तिवारी जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) पद से सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनकी जगह वीएमबी कृष्णन ने नई कमान संभाल ली है।
लेफ्टिनेंट जनरल तिवारी का कार्यकाल पूर्वी क्षेत्र जैसे संवेदनशील मोर्चे पर बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। उनके नेतृत्व में पूर्वी कमान ने ऑपरेशनल तैयारी, सैन्य आधुनिकीकरण और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने में उल्लेखनीय प्रगति की। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्होंने सिविल प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित किया।
उत्तर-पूर्व में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए उनके कार्यकाल में संतुलित रणनीति अपनाई गई। काउंटर-इंसर्जेंसी ऑपरेशंस, सुरक्षा बलों की क्षमता वृद्धि और स्थानीय समुदायों के साथ विश्वास निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया। डिजिटल तकनीकों के उपयोग से कमान की कार्यक्षमता और निर्णय प्रक्रिया को भी मजबूत किया गया। सेवानिवृत्ति के समय उन्होंने अधिकारियों और जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि सेना ने उनके योगदान को दूरदर्शी नेतृत्व बताया।
वहीं, नए कमांडर के रूप में वीएमबी कृष्णन ने पदभार संभालते ही स्पष्ट किया कि पूर्वी क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और ऑपरेशनल तैयारी उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। 11 जून 1988 को सेना में कमीशन प्राप्त करने वाले कृष्णन को लगभग चार दशक का व्यापक अनुभव है।
उन्होंने सियाचिन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में इन्फैंट्री बटालियन और ब्रिगेड की कमान संभाली है। इसके अलावा वह इन्फैंट्री डिवीजन और ब्रह्मास्त्र कोर के जीओसी भी रह चुके हैं। रणनीतिक स्तर पर उन्होंने रक्षा मंत्रालय में सूचना प्रौद्योगिकी महानिदेशक और लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में डिफेंस अटैची के रूप में सेवाएं दी हैं।
सेना मुख्यालय में क्वार्टर मास्टर जनरल के रूप में उन्होंने लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार किए। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और सभी रैंकों से उच्च स्तर की तैयारी बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही तकनीकी एकीकरण और विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया, ताकि पूर्वी क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।





