भारत-पाक मैच को लेकर सियासत गरम, नॉकआउट पर PCB की टिप्पणी से मचा बवाल

T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत से ग्रुप मैच का बहिष्कार तय, नॉकआउट पर सरकार के आदेश का इंतजार

टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम का खेलना तय हो गया है, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप चरण के भारत-पाकिस्तान मैच के लिए टीम को अनुमति नहीं दी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर नॉकआउट चरण में पाकिस्तान का सामना भारत से होता है, तो टीम क्या करेगी।

इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से जुड़े एक सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि बोर्ड सरकार के निर्देशों का ही पालन करेगा। सूत्र के अनुसार, “सरकार जैसा कहेगी, हम वैसा ही करेंगे।”

नॉकआउट में भारत से भिड़ंत हुई तो क्या करेगा पाकिस्तान?

पीसीबी सूत्र ने बताया कि फिलहाल पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच के बहिष्कार का फैसला लिया है। पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और सलमान आगा की अगुआई में टीम कोलंबो रवाना हो चुकी है।

सूत्र के मुताबिक, सरकार ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ नहीं खेलेगी और उस मुकाबले में पॉइंट्स छोड़ देगी। अगर भविष्य में नॉकआउट चरण में भारत से मुकाबला तय होता है, तो उस समय भी पाकिस्तान टीम सरकार के फैसले के अनुसार ही कदम उठाएगी।

ICC की नजर, PCB को हो सकता है नुकसान

इस फैसले को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भी मामले में दखल दिया है। माना जा रहा है कि अगर पाकिस्तान इसी रुख पर अड़ा रहा, तो उसे आर्थिक और खेल संबंधी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ICC फिलहाल PCB से आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार कर रही है।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-पाकिस्तान जैसे हाई-वोल्टेज मुकाबले का बहिष्कार टूर्नामेंट की छवि और व्यावसायिक हितों को भी प्रभावित कर सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में पाकिस्तान सरकार और PCB का रुख इस पूरे विवाद की दिशा तय करेगा।

Related Articles

Back to top button