जयपुर में तैयारियां तेज: ताज आमेर में कथावाचक के विवाह को लेकर खास उत्साह

वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय 5 दिसंबर को जयपुर में विवाह के बंधन में बंधेंगे। वे होटल ताज आमेर में हरियाणा की शिप्रा के साथ वैदिक रीति-रिवाजों से सात फेरे लेंगे। विवाह समारोह सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। सोशल मीडिया पर लोकप्रिय इंद्रेश उपाध्याय के विवाह को लेकर भक्तों में खास उत्साह है।

देश-विदेश से प्रमुख अतिथियों को भेजा गया निमंत्रण
विवाह समारोह में देश-विदेश से कई नामी संत, महंत और विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल होंगे। निमंत्रित अतिथियों में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, मूलक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज, कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी, कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, तथा बॉलीवुड सिंगर बी प्राक सहित कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं।

इंद्रेश उपाध्याय प्रसिद्ध कथावाचक श्रीकृष्णचंद्र शास्त्री के पुत्र हैं।

जयपुर के प्रमुख संत-महंत भी होंगे मौजूद
विवाह में जयपुर के संत समाज की बड़ी भागीदारी रहेगी। इनमें गोविंददेवजी मंदिर के महंत अंजन गोस्वामी, श्री सरस निकुंज के बड़े भैया जी सहित कई प्रमुख संत-महंत सम्मिलित होंगे। पूरा विवाह वैदिक परंपराओं के अनुसार सम्पन्न होगा।

विवाह कार्ड बना आकर्षण, साथ भेजा गया वृंदावन का प्रसाद
इंद्रेश और शिप्रा के विवाह के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया निमंत्रण पत्र भी चर्चा में है। कार्ड के साथ वृंदावनधाम के प्रमुख मंदिरों का प्रसाद—जैसे राधारमणजी का मिश्री-इलायची प्रसाद, तुलसी, और विभिन्न मंदिरों के लड्डू—भी भेजे गए हैं। विवाह कार्ड पर नाथद्वारा के श्रीनाथजी की तस्वीर भी अंकित है।

जयपुर को कहते हैं ‘छोटा वृंदावन’
भागवत कथाओं के दौरान इंद्रेश उपाध्याय कई बार जयपुर से अपने विशेष लगाव का उल्लेख कर चुके हैं। वे जयपुर को ‘छोटा वृंदावन’ कहते हैं, क्योंकि यहां वृंदावन से लाए गए श्रीकृष्ण के चार विग्रह—गोविंददेवजी, गोपीनाथ जी, राधा दामोदर जी और राधा विनोदी लाल जी—स्थापित हैं। वे जयपुर के आराध्य गोविंददेवजी के परम भक्त माने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button