तेज रफ्तार थार ने मचाई दहशत; हादसे का VIDEO वायरल, घायल महिला अस्पताल में भर्ती

जयपुर में मंगलवार रात करीब 10:15 बजे तेज रफ्तार लाल रंग की थार ने एक के बाद एक दो बाइक और एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 23 वर्षीय पारस व्यास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बुआ गंभीर रूप से घायल हो गई। एक्सीडेंट विधानसभा से कुछ दूरी पर हुआ और पास ही स्थित ज्योतिनगर थाने से सिर्फ 700 मीटर की दूरी पर था।

CCTV फुटेज में कैद हुआ पूरा हादसा

फुटेज में थार पहले दो बाइकों को साइड से टक्कर मारते हुए निकलती दिखी। कुछ ही सेकंड बाद वही गाड़ी बुआ-भतीजे की स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मारती है, जिससे स्कूटी के परखच्चे उड़ गए।

बुआ-भतीजा जा रहे थे घर की ओर

थाना एक्सीडेंटल साउथ प्रभारी अंजू कुमारी के अनुसार, पारस व्यास (निवासी नटराज नगर, टोंक रोड) अपनी बुआ नंदिनी के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से विधानसभा रोड की ओर जा रहा था।

थार की टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। पारस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुआ नंदिनी को गंभीर चोट आने पर SMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

थार का मालिकाना हक और ड्राइवर पर सवाल

पुलिस ने हादसे के बाद थार को जब्त कर लिया। गाड़ी प्रिया चौधरी के नाम से रजिस्टर्ड है, जो जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र की रहने वाली हैं और क्रिकेट अकादमी संचालित करती हैं।

एसीपी ट्रैफिक साउथ अमीर अहमद के अनुसार, प्रिया चौधरी के पति का पहले ही निधन हो चुका है और उनकी एकमात्र बेटी भव्या चौधरी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि थार भव्या चला रही थी, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हादसे के बाद युवती गाड़ी छोड़कर फरार

टक्कर मारने के बाद युवती थार वहीं छोड़कर फरार हो गई। पुलिस CCTV और तकनीकी जांच के आधार पर उसकी भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button