पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को भेजा संदेश, जल्दी ठीक होने की दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पीएम मोदी ने खरगे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हाल ही में खरगे की पेसमेकर इम्प्लांटेशन सर्जरी हुई थी। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “खरगे जी से बात की। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना करता हूं।”

खरगे के बेटे और कर्नाटक के आईटी मंत्री प्रियांक खरगे ने बताया कि सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई है और अब उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने लिखा कि तीन अक्टूबर से खरगे अपने आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर देंगे।

सात अक्टूबर को नागालैंड का दौरा

प्रियांक खरगे के अनुसार, मल्लिकार्जुन खरगे सात अक्टूबर को कोहिमा, नागालैंड का दौरा करेंगे और नागा सॉलिडेरिटी पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे। नागालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस रैली में कम से कम 10,000 लोगों के जुटने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button