गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग, चंद्रशेखर आजाद ने पंचायत चुनाव को लेकर योगी सरकार को घेरा

नगीना से आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को बागपत के टीकरी कस्बे पहुंचे। यहां उन्होंने एक कार्यकर्ता के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी गठबंधन के साथ आने की तैयारी का जिक्र किया। साथ ही राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर उन्होंने थोड़ी समझदारी दिखाई होती तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो सकता था।
भाजपा को रोकने के लिए गठबंधन को तैयार थे चंद्रशेखर
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए वह गठबंधन के साथ हर तरह से तैयार थे। जयंत चौधरी को लेकर उन्होंने कहा कि अगर सही समय पर थोड़ी समझदारी दिखाई जाती तो चुनाव के नतीजे अलग हो सकते थे। उन्होंने यह भी कहा कि आजाद समाज पार्टी मुस्लिमों के मुद्दों को लेकर भी चुनाव लड़ेगी।
गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग
बागपत दौरे के दौरान सांसद ने किसानों के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। चंद्रशेखर ने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग भी दोहराई।
पंचायत चुनाव को लेकर योगी सरकार पर हमला
चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर योगी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सरकार पंचायत चुनाव नहीं करा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार डंडे के दम पर चल रही है।





