सोनिया गांधी की पुस्तक पर विवाद गहराया, दिल्ली के मंत्री सिरसा ने बताया नफरत और झूठ का संग्रह

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किताब पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे ‘बंडल ऑफ हेट’ और ‘बंडल ऑफ लाइज’ बताते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े पुराने जख्मों को छिपाने की कोशिश की जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में 1984 के दंगों में मारे गए लोगों के परिवार भी मौजूद रहे। सिरसा ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में सिख समुदाय से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रमों को सही तरीके से पेश नहीं किया है। उन्होंने दरबार साहिब पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कांग्रेस के तत्कालीन नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।

दरबार साहिब के साथ 40 गुरुद्वारों का भी किया जिक्र

मंत्री सिरसा ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में केवल दरबार साहिब ही नहीं, बल्कि 40 अन्य गुरुद्वारों की भी बेअदबी हुई थी। उन्होंने सोनिया गांधी की किताब के कुछ अंशों का हवाला देते हुए कहा कि घटनाओं को जिस तरह प्रस्तुत किया गया है, उससे सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने बाबरी मस्जिद और दरबार साहिब से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

टाइटलर और सज्जन कुमार का नाम लेकर कांग्रेस को घेरा

सिरसा ने 1984 के सिख विरोधी दंगों में जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार की कथित भूमिका का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दंगों के दौरान सिखों के घरों की पहचान कर हजारों लोगों की हत्या की गई।

उन्होंने मारवाह आयोग, मिश्रा कमेटी और नानावती आयोग की जांच का जिक्र करते हुए कहा कि दंगों से जुड़े मामलों में पीड़ितों को न्याय मिलने में काफी देरी हुई। सिरसा ने सीबीआई की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि जगदीश टाइटलर से जुड़े मामले में कार्रवाई काफी देर से हुई।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पीड़ित परिवारों का हवाला देते हुए सिरसा ने कांग्रेस नेताओं पर दंगा पीड़ितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह अन्य घटनाओं में प्रभावित लोगों से मिलने पहुंच जाते हैं, लेकिन 1984 के दंगा पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं गए।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार ने दंगा पीड़ित परिवारों को सरकारी नौकरियां देकर राहत पहुंचाने का काम किया है।

सोनिया गांधी की किताब में डर के जिक्र पर भी उठाए सवाल

सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने और किताब में परिवार के डर का उल्लेख किए जाने पर भी सिरसा ने आपत्ति जताई। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में ऐसी महिलाओं का इतिहास रहा है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी साहस के साथ मुकाबला किया।

सिरसा ने कांग्रेस नेतृत्व पर पंजाब में युवाओं की मौत और 1984 के दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने में विफल रहने के आरोप भी लगाए। फिलहाल सोनिया गांधी की किताब को लेकर दिए गए इन बयानों के बाद राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।

Related Articles

Back to top button