श्रीनगर में सीएम के कार्यक्रम के बाहर तनाव, अंदर जाने को लेकर छात्रों और पुलिस में तकरार

गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचने के दौरान परिसर के बाहर छात्रों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुलिस ने छात्रों को गेट पर ही रोक दिया।

कार्यक्रम की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय छात्रसंघ उपाध्यक्ष पुल्कित अग्रवाल और भाजपा कीर्तिनगर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंकित रावत अपने समर्थकों के साथ ऑडिटोरियम के बाहर पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति मांगी, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें परिसर के अंदर जाने से रोक दिया।

प्रवेश को लेकर काफी देर तक नोकझोंक

पुलिस के रोकने के बाद छात्र कार्यक्रम में शामिल होने की मांग पर अड़ गए। इसे लेकर पुलिस और छात्रों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही। मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सीएम के कार्यक्रम को लेकर कड़ी सुरक्षा

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ऑडिटोरियम के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिना अनुमति किसी को भी कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने नहीं दिया।

Related Articles

Back to top button