दिग्विजय सिंह की ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का एलान, विजयादशमी पर उज्जैन से अयोध्या तक का सफर

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालने की घोषणा की है। यह यात्रा 20 अक्तूबर 2026 को विजयादशमी के दिन उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या तक जाएगी। दिग्विजय सिंह के मुताबिक, यात्रा का उद्देश्य धर्म और आस्था के नाम पर कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण करना और पारदर्शिता, सत्य व सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं है। उन्होंने विजयादशमी को अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसी भावना के साथ शिवधाम उज्जैन से रामधाम अयोध्या तक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का ध्येय वाक्य ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ रखा गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था से जुड़े चंदे और धन के दुरुपयोग के मामले सामने आए हैं। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से जुड़े लोगों पर चंदे के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। दिग्विजय सिंह ने अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों पर भी चढ़ावे के दुरुपयोग के आरोप लगाए और सरकार पर संबंधित लोगों को बचाने का आरोप लगाया।

दिग्विजय सिंह ने बताया कि उन्होंने 1988-89 के राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान विश्व हिंदू परिषद के राम शिला पूजन अभियान में हिस्सा लिया था और अपनी क्षमता के अनुसार दान भी दिया था। अब वे धर्म और आस्था के नाम पर कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए यह यात्रा निकालने जा रहे हैं।

यात्रा में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए पंजीयन की व्यवस्था की गई है। यात्रा का मुख्य संदेश पारदर्शिता, सत्य, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना बताया गया है।

Related Articles

Back to top button