AFCAT 2027 का पूरा शेड्यूल जारी, परीक्षा की तारीख से लेकर योग्यता और आवेदन शुल्क तक जानें जरूरी बातें

भारतीय वायुसेना (IAF) ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT 01/2027) का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके माध्यम से फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल एवं नॉन-टेक्निकल) में ग्रुप-A राजपत्रित अधिकारी के कुल 284 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती में महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 11 दिसंबर 2026 की रात 11:30 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। लिखित परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी, जबकि चयनित उम्मीदवारों का प्रशिक्षण जनवरी 2028 के पहले सप्ताह में शुरू होगा।
AFCAT 2027 की महत्वपूर्ण तारीखें
आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 से शुरू होगी और आवेदन की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 27 जनवरी 2027 को सुबह 11 बजे जारी किए जाएंगे। लिखित परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी। परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 3 से 5 फरवरी 2027 तक का समय दिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों का प्रशिक्षण जनवरी 2028 के पहले सप्ताह में शुरू होगा।
284 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती के तहत कुल 284 पद भरे जाएंगे। इनमें AFCAT एंट्री के 268 और GATE स्कोर एंट्री के 16 पद शामिल हैं। फ्लाइंग ब्रांच में 36, ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल AE(L) में 88 और AE(M) में 36 पद निर्धारित हैं। इसके अलावा वेपन सिस्टम के 30, एडमिनिस्ट्रेशन के 53, लॉजिस्टिक्स के 11, अकाउंट्स के आठ, एजुकेशन के चार और मौसम विज्ञान के दो पद हैं। GATE स्कोर एंट्री के तहत AE(L) के 11 और AE(M) के पांच पदों पर भर्ती होगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। फ्लाइंग ब्रांच के लिए 1 जनवरी 2028 को अभ्यर्थी की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए उम्मीदवार की जन्मतिथि 2 जनवरी 2004 से 1 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए। वहीं, ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच के लिए आयु सीमा 20 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए जन्मतिथि 2 जनवरी 2002 से 1 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए। DGCA से वैध कमर्शियल पायलट लाइसेंस रखने वाले फ्लाइंग ब्रांच के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 26 वर्ष तक की छूट दी गई है। उम्मीदवारों के लिए कोर्स शुरू होने और प्रशिक्षण के दौरान अविवाहित होना भी अनिवार्य है।
ब्रांच के अनुसार शैक्षणिक योग्यता
फ्लाइंग ब्रांच के लिए उम्मीदवार ने 12वीं में फिजिक्स और गणित दोनों विषयों में कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। इसके साथ किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ तीन वर्षीय स्नातक डिग्री या चार वर्षीय BE/BTech डिग्री होनी चाहिए। ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल ब्रांच AE(L) और AE(M) के लिए भी 12वीं में फिजिक्स और गणित में कम से कम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। इसके अलावा संबंधित इंजीनियरिंग विषय में चार वर्षीय डिग्री या निर्धारित समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
ग्राउंड ड्यूटी नॉन-टेक्निकल ब्रांच में वेपन सिस्टम, एडमिनिस्ट्रेशन और लॉजिस्टिक्स के लिए निर्धारित स्नातक डिग्री मांगी गई है। अकाउंट्स ब्रांच के लिए वित्त एवं लेखा संबंधी निर्धारित डिग्री या पेशेवर योग्यता जरूरी है। एजुकेशन ब्रांच के लिए स्नातक के साथ संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन और मौसम विज्ञान ब्रांच के लिए निर्धारित विज्ञान या इंजीनियरिंग योग्यता होनी चाहिए। वहीं, GATE स्कोर एंट्री के लिए AE(L) और AE(M) के उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में BE/BTech डिग्री के साथ वैध GATE स्कोर होना चाहिए। अधिसूचना के अनुसार, 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2027 के बीच घोषित GATE परिणाम मान्य होंगे।
क्या है चयन प्रक्रिया?
AFCAT एंट्री के उम्मीदवारों को सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा देनी होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड (AFSB) की चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा। AFSB के पहले चरण में ऑफिसर इंटेलिजेंस रेटिंग (OIR) टेस्ट और पिक्चर परसेप्शन एंड डिस्कशन टेस्ट (PPDT) आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मनोवैज्ञानिक परीक्षण, ग्रुप टेस्ट और व्यक्तिगत साक्षात्कार होगा। फ्लाइंग ब्रांच के उम्मीदवारों के लिए कंप्यूटराइज्ड पायलट सिलेक्शन सिस्टम (CPSS) टेस्ट भी आयोजित किया जाएगा। AFSB में सफल उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण होगा और फिर लिखित परीक्षा तथा AFSB में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। NCC स्पेशल एंट्री और GATE स्कोर एंट्री के उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा से छूट दी गई है। वे सीधे AFSB प्रक्रिया में शामिल होंगे।
AFCAT परीक्षा का पैटर्न
AFCAT की लिखित परीक्षा ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित होगी। इसमें अंग्रेजी भाषा में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए दो घंटे का समय और कुल 300 अंक निर्धारित हैं। प्रत्येक सही उत्तर के लिए तीन अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर एक अंक काटा जाएगा। अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं मिलेगा। परीक्षा में अंग्रेजी, सामान्य जागरूकता, गणितीय क्षमता, रीजनिंग और मिलिट्री एप्टीट्यूड से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे।
कितनी मिलेगी सैलरी?
प्रशिक्षण के दौरान फ्लाइट कैडेट्स को 56,100 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने और कमीशन मिलने के बाद फ्लाइंग ऑफिसर को पे लेवल-10 के तहत 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके अलावा 15,500 रुपये प्रतिमाह मिलिट्री सर्विस पे (MSP) और ब्रांच व तैनाती के अनुसार लागू अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
AFCAT एंट्री के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 550 रुपये के साथ 18 प्रतिशत GST देना होगा। यह शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। हालांकि, NCC स्पेशल एंट्री और GATE स्कोर एंट्री के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या UPI के माध्यम से किया जा सकेगा।
AFCAT 2027 के लिए कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार भारतीय वायुसेना के आधिकारिक AFCAT पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले पोर्टल पर Sign-Up विकल्प चुनकर अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी। इसके बाद OTP के माध्यम से पंजीकरण सत्यापित करना होगा। प्राप्त लॉगिन जानकारी से पोर्टल पर प्रवेश करने के बाद व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, ब्रांच की प्राथमिकता और परीक्षा शहर भरना होगा। उम्मीदवारों को पांच परीक्षा शहर चुनने होंगे। इसके बाद निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपलोड करके आधार कार्ड का विवरण दर्ज करना होगा। अंत में लागू आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपनी ब्रांच की पात्रता और अन्य शर्तों की जांच जरूर कर लें।





