विपक्ष के रुख पर भाजपा के विधायक भी विरोध में उतरे, हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे

भराड़ीसैंण; मानसून सत्र में विपक्ष के रुख को देखते हुए पहले दिन शांत रहने वाले सत्ता पक्ष के विधायक दूसरे दिन उनके विरोध में उतर आए। भाजपा विधायकों ने जहां सदन में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया तो पहली बार सदन के बाहर भी रैली निकालकर विपक्ष का विरोध जताया।
बुधवार को सुबह जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्ष के विरोध के बीच सत्ता पक्ष के विधायक भी उग्र नजर आए। उनका कहना था कि कांग्रेस सदन के भीतर अमर्यादित व्यवहार कर रही है। कांग्रेस के विधायक यहां केवल पिकनिक मनाने आए हैं। जनहित का एक भी मुद्दा कांग्रेस ने नहीं उठाया। धराली आपदा और राज्य के विकास के विषयों से कांग्रेस भाग रही है।
सत्ता पक्ष के विधायक हाथ में तख्तियां लेकर सदन में पहुंचे, जिस पर कांग्रेस विरोधी स्लोगन लिखे थे। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के निर्देश के बाद सभी तख्तियां हटाई गईं। विपक्ष के विरोध के बीच लगातार सत्तापक्ष के विधायक भी बोलते रहे। कई बार छींटाकशी भी हुई, जिसमें दोनों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हुई। हालांकि संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल के बीच-बचाव करने के बाद मामला शांत हो गया।





