यूपी में होमगार्ड भर्ती का अगला चरण: 14 सितंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा, एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थी मैदान में

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) 14 सितंबर से शुरू होगी। इसमें करीब एक लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रदेश के 15 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिनमें 14 पीएसी वाहिनी और एक पुलिस लाइन शामिल है।
परीक्षा के बाद उसी दिन जारी होगा परिणाम
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, शारीरिक दक्षता परीक्षा का परिणाम परीक्षा समाप्त होने के बाद उसी दिन जारी किया जाएगा। इसके बाद भर्ती के सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा।
अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को उनके एनरोलमेंट वाले जिले में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। आधारभूत प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें तैनाती दी जाएगी।
बारिश के कारण एक सप्ताह टली परीक्षा
बोर्ड ने पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा 8 सितंबर से कराने का कार्यक्रम तय किया था, लेकिन प्रदेश में अत्यधिक बारिश के चलते परीक्षा को एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया। अब यह परीक्षा 14 सितंबर से आयोजित की जाएगी।
प्रोविजनल दस्तावेज सत्यापन वाले अभ्यर्थियों पर फैसला बाकी
बोर्ड के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन प्रोविजनल आधार पर हुआ है, उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा इस संबंध में लिए जाने वाले अंतिम निर्णय के अधीन होगी।
भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण और फिर संबंधित जिलों में तैनाती दी जाएगी।





