मौत बनकर गिरी दीवार: यूपी में मलबे में दबे दादी-पोती, दोनों की दर्दनाक मौत; सामने आया वीडियो

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। एचौरा गांव में एक मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से दादी और उनकी 11 साल की पोती की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
दीवार के मलबे में दब गईं दादी-पोती
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब सात बजे हुआ। करीब 10 साल पुराने मकान की दीवार अचानक गिर गई। उस समय ओमवती (62) और उनकी 11 वर्षीय नातिन कुमकुम घर के अंदर मौजूद थीं। दोनों दीवार के मलबे में दब गईं।
तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल अनूपशहर के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी कुमकुम
मृतकों की पहचान ओमवती (62), पत्नी स्वर्गीय होराम सिंह, और उनकी नातिन कुमकुम (11), पुत्री सोहनपाल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कुमकुम पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके तीन छोटी बहनें और चार साल का एक छोटा भाई है।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा है।
प्रशासन ने लिया घटना का संज्ञान
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार अनूपशहर प्रिया देवी सरकारी अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। सीओ डिबाई मधुप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जांच के बाद मिलेगी आर्थिक सहायता
एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण कराने और हल्का लेखपाल को जल्द रिपोर्ट तैयार कर तहसील में भेजने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।





