ब्रिक्स के बीच भारत आएंगे पुतिन: पीएम मोदी संग द्विपक्षीय बैठक में कई मुद्दों पर होगी चर्चा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत दौरे पर आएंगे। सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित होना है। इससे पहले 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को दोनों नेताओं की मुलाकात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि रूस भारत को अपने प्रमुख रणनीतिक साझेदारों में से एक मानता है। पेस्कोव के मुताबिक, दोनों देशों के रिश्ते मॉस्को के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

परमाणु ऊर्जा पर हो सकती है बातचीत

रूसी प्रवक्ता ने कहा कि भारत के साथ नए परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने को लेकर बातचीत की उम्मीद है। उन्होंने भारत-रूस के बीच व्यापारिक संबंधों का भी जिक्र किया।

पेस्कोव ने भारत समेत रूसी कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने के प्रस्तावित अमेरिकी कदम को अवैध और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिक्स किसी देश के खिलाफ बनाया गया संगठन नहीं है।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी चर्चा संभव

पीएम मोदी और पुतिन की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध और उससे जुड़े मौजूदा हालात पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों नेता युद्ध के वैश्विक प्रभाव और आर्थिक स्थिति पर भी बातचीत कर सकते हैं।

इसके अलावा खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव भी बैठक के एजेंडे में शामिल हो सकता है। रूस का कहना है कि खाड़ी में चल रही घटनाओं का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

एसयू-57 लड़ाकू विमानों पर बातचीत

भारत और रूस के बीच एसयू-57 लड़ाकू विमानों की संभावित बिक्री का मुद्दा भी बातचीत में शामिल हो सकता है। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि भारत को रूस के अत्याधुनिक एसयू-57 लड़ाकू विमान बेचने का मुद्दा दोनों देशों के एजेंडे में है।

रुपये-रूबल में बढ़ रहा व्यापार

पेस्कोव ने भारत और रूस के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, दोनों देशों के बीच ज्यादातर व्यापारिक भुगतान अब अपनी राष्ट्रीय मुद्राओं यानी भारतीय रुपये और रूसी रूबल में किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button