अनिल कपूर की ‘नायक’ के 25 साल: बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप, टीवी पर बनी कल्ट क्लासिक; जानें अनसुने किस्से

अनिल कपूर की चर्चित फिल्म ‘नायक: द रियल हीरो’ की रिलीज को 25 साल पूरे हो गए हैं। एस. शंकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 7 सितंबर 2001 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में अनिल कपूर ने टीवी पत्रकार शिवाजी राव का किरदार निभाया था। उनके साथ रानी मुखर्जी, परेश रावल और अमरीश पुरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
शाहरुख और आमिर ने ठुकराया था मुख्य किरदार
शिवाजी राव का किरदार सबसे पहले शाहरुख खान को ऑफर किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, कहानी के राजनीतिक पहलुओं को लेकर उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया। इसके बाद यह भूमिका आमिर खान को ऑफर हुई, लेकिन उन्होंने भी फिल्म के प्री-प्रोडक्शन चरण में मुख्य भूमिका निभाने से मना कर दिया। बाद में यह किरदार अनिल कपूर ने निभाया।
‘मुधलवन’ का हिंदी रीमेक थी फिल्म
‘नायक’ के जरिए निर्देशक एस. शंकर ने बॉलीवुड में कदम रखा था। यह उनकी 1999 में आई तमिल फिल्म ‘मुधलवन’ का हिंदी रीमेक थी। कहानी में पत्रकार शिवाजी राव को एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलता है और वह व्यवस्था में बदलाव लाने की कोशिश करता है।
कीचड़ वाला सीन ऐसे बना आइकॉनिक
फिल्म का कीचड़ वाला फाइट सीन आज भी याद किया जाता है। निर्देशक शंकर अनिल कपूर को इस सीन में शर्टलेस दिखाना चाहते थे, लेकिन अभिनेता इसके लिए सहज नहीं थे। निर्देशक की जिद और अनिल कपूर की असहमति के बीच इस सीन में कीचड़ का इस्तेमाल किया गया।
32 कैमरों से शूट हुआ था फाइट सीन
इस खास फाइट सीन में 3डी इफेक्ट देने के लिए करीब 32 कैमरों का इस्तेमाल किया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में ‘टाइम-स्लाइस’ सिनेमैटिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया था।
बनाया गया था बड़ा टीवी स्टूडियो
फिल्म में काल्पनिक QTV नेटवर्क को दिखाने के लिए बड़ा टीवी स्टूडियो सेट तैयार किया गया था। इसमें करीब 700 टेलीविजन मॉनिटर, ब्रॉडकास्ट कैमरे और बड़ी प्रोजेक्शन स्क्रीन लगाई गई थी। क्लाइमैक्स की शूटिंग के दौरान तकनीकी टीम ने मॉनिटर और कैमरा यूनिट को तोड़ने का सीन भी फिल्माया था।
टीवी पर मिली फिल्म को नई पहचान
रिलीज के समय ‘नायक’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट करीब 20 करोड़ रुपये था और इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 19.61 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, टीवी पर आने के बाद फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला और धीरे-धीरे यह कल्ट क्लासिक बन गई।





