अलवर में युवक की आत्महत्या, परिजनों ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गुरुग्राम के बादशाहपुर निवासी निखिल राजपूत बंजारा के रूप में हुई है, जो मन्नाका रोड स्थित किराए के मकान में पत्नी के साथ रहता था।

जानकारी के अनुसार निखिल ने करीब 9 महीने पहले लव मैरिज की थी। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार रात शराब पीकर घर पहुंचा था, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। रविवार सुबह भी दोनों में कहासुनी हुई और गुस्से में निखिल ने अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया।

इसके बाद उसकी पत्नी दूध लेने बाहर चली गई। इसी दौरान निखिल ने कमरे में पत्नी की चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के लौटने पर घटना का पता चला। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि कुछ युवक निखिल को जबरन नशा कराते थे। उसका कहना है कि पहले वह किसी प्रकार का नशा नहीं करता था, लेकिन कुछ लोगों की संगत में आने के बाद उसकी आदतें बदल गई थीं। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button