मौसम अपडेट: श्रीगंगानगर में हुई बारिश, अलवर में गर्मी से राहत के लिए पानी का छिड़काव

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। हालांकि शनिवार सुबह श्रीगंगानगर में हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं अलवर में भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 24 मई से गर्मी और तेज हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में सीवियर हीटवेव, जबकि पूर्वी और उत्तरी जिलों में हीटवेव के साथ वार्म नाइट का असर रहने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी, चूरू, बीकानेर और श्रीगंगानगर में भी लू का असर बना रहा। वहीं टोंक, अलवर और दौसा में भी लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर समेत कई शहरों में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने 26 मई तक गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है।





