यूपी STF ने वांटेड अपराधी आसिफ अली को मार गिराया, डबल मर्डर समेत कई मामलों में था आरोपी

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मंगलवार तड़के अंबेडकरनगर में मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ अली (40) को मार गिराया। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर जगदीशपुर गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुई। STF के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आसिफ ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसे गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
STF के मुताबिक, आसिफ कुख्यात छैमार गैंग का सरगना था और पति-पत्नी समेत 6 हत्याओं के मामलों में वांटेड था। जौनपुर में डकैती के दौरान दो महिलाओं की हत्या और तीन अन्य लोगों पर जानलेवा हमले के मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में करीब 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
जांच एजेंसी के अनुसार, आसिफ और उसका गैंग रात में कच्छा-बनियान पहनकर घरों में घुसकर डकैती करता था। परिवार के लोगों को बंधक बनाने के बाद लूटपाट की जाती थी और विरोध करने पर हत्या कर दी जाती थी। वारदात के बाद आरोपी नाम बदलकर दूसरे जिले या राज्य में छिप जाते थे।
मुठभेड़ के दौरान STF का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, 12 बोर का तमंचा और एक बाइक बरामद की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





