नोएडा की 42वीं मंजिल पर सुसाइड केस, कमरा नंबर 4228 सील; हर फ्लोर पर गार्ड तैनात

सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी है। संभव ने 42वीं मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी की थी। घटना के बाद पुलिस ने उस कमरे को जांच के दायरे में लिया, जहां संभव ठहरे हुए थे।
कमरा नंबर 4228 पुलिस जांच के दायरे में
सेक्टर-126 थाना पुलिस के मुताबिक, संभव जैन एयरबीएनबी के जरिए 42वें फ्लोर के कमरा नंबर 4228 में ठहरे थे। घटना के बाद पुलिस ने कमरे को जांच के लिए बंद करा दिया। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के कमरों में भी प्रवेश रोक दिया गया था।
पुलिस ने घटना के समय संभव को बचाने का प्रयास करने वाले चार तकनीशियनों अल्ताफ, लवकुश, करन और अमित से भी पूछताछ की। उनसे घटना के दौरान की परिस्थितियों और वहां हुई गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। फिलहाल मृतक के परिवार की ओर से कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।
हर फ्लोर पर तैनात होगा सुरक्षा गार्ड
घटना के बाद सुपरनोवा सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। प्रबंधन की योजना है कि एयरबीएनबी के तौर पर इस्तेमाल होने वाली प्रत्येक मंजिल पर दिन और रात के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं।
सुपरनोवा में 20वीं से 43वीं मंजिल तक करीब 23 फ्लोर पर एयरबीएनबी सुविधा संचालित होती है। इन मंजिलों पर बाहरी लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला लिया गया है। इसके लिए करीब 46 से 50 अतिरिक्त सुरक्षा कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी है।
चार लोगों ने बचाने की कोशिश की थी
शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एसी रिपेयरिंग का काम कर रहे कर्मचारियों ने संभव जैन को बालकनी की रेलिंग के बाहर लटका देखा। उन्होंने उसे समझाने और वापस अंदर खींचने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद चार लोगों ने संभव को पकड़कर ऊपर खींचने का प्रयास किया, लेकिन उसका वजन अधिक होने के कारण उनकी पकड़ फिसल गई। इसके कुछ ही क्षण बाद संभव नीचे गिर गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई।
दो अक्तूबर को एयरबीएनबी में आया था संभव
पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर निवासी 30 वर्षीय संभव जैन एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर था। उसने दो अक्तूबर को एयरबीएनबी के जरिए कमरा बुक किया था और कमरे में अकेला ठहरा था।
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले संभव ने अपने पिता को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।





