देश का मान बढ़ाकर लौटी उन्नति शर्मा, कॉमनवेल्थ कांस्य विजेता का राजधानी में जोरदार अभिनंदन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए जूडो की 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली उन्नति शर्मा का देहरादून पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। राजधानी में उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में खेल प्रेमियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित स्वागत समारोह में उन्नति शर्मा को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। इस दौरान छात्रों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।

उन्नति शर्मा ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए खेलों में अनुशासन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य तय कर पूरी लगन के साथ मेहनत करने की अपील की।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि उन्नति की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए और अधिक पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएंगी।

Related Articles

Back to top button