सीसीटीवी में दिखा टाइगर मोहल्ले में मची दहशत; जांच में निकली AI जनरेटेड तस्वीर

अलवर शहर के दिल्ली दरवाजा स्थित हलवाई पाड़ा और गंगा मंदिर क्षेत्र में सोमवार देर रात टाइगर आने की सूचना से इलाके में दहशत फैल गई। कुछ लोगों ने कथित टाइगर की तस्वीरें और सीसीटीवी स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया ग्रुपों में साझा कर दिए, जिससे मंगलवार सुबह तक पूरे इलाके में भय का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी।

मामले की पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार रात में कुत्तों के भौंकने की आवाज के बाद किसी छोटे जानवर को देखने का दावा किया गया, लेकिन किसी पशु को नुकसान नहीं पहुंचा। बाद में एक युवक के मोबाइल में दिखाई गई टाइगर की तस्वीर के आधार पर अफवाह फैल गई।

जांच के दौरान सामने आया कि वायरल तस्वीर असली नहीं थी, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई थी। मकान मालिक ने बताया कि दोस्तों के बीच मजाक में गली की फोटो और सीसीटीवी स्क्रीनशॉट पर AI से टाइगर की आकृति जोड़कर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था, जो बाद में तेजी से वायरल हो गया और लोगों में डर फैल गया।

वन विभाग की जांच और मीडिया पड़ताल के बाद स्पष्ट हुआ कि अलवर शहर में टाइगर के आने की खबर पूरी तरह निराधार थी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें, ताकि अनावश्यक दहशत की स्थिति न बने।

Related Articles

Back to top button