रील बनाकर पति पर लुटाती थी प्यार…कत्ल कर नीले ड्रम में छिपा दी लाश, फिर किया ये घिनौना काम…

शाहजहांपुर: राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले में प्रेमी संग मिलकर पति हंसराम की हत्यारोपी लक्ष्मी रील बनाने की शौकीन है। वारदात के बाद उसके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह अपने पति पर प्यार लुटाती दिख रही है। हंसराम उसके मंसूबों को भांप नहीं पाया। उसे व उसके परिजनों इस बात का अंदाजा तक नहीं होगा कि लक्ष्मी उसकी हत्या कर देगी।

शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के गांव नवदिया नवाजपुर निवासी हंसराम उर्फ सूरज (36 वर्ष) अपनी पत्नी लक्ष्मी और बच्चों के साथ खैरथल तिजारा जिले की आदर्श नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। वह वहां ईंट भट्ठे पर काम करता था। रविवार को उसका शव नीले रंग के ड्रम में मिला था। शव गलाने के लिए आरोपियों ने नमक भी डाला था।हंसराम की हत्या उसकी पत्नी लक्ष्मी ने अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर की थी। शव को नीले ड्रम में छिपा दिया था। वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र और लक्ष्मी लापता थे। खैरथल तिजारा जिले की पुलिस ने सोमवार को राजस्थान में अलवर के रामगढ़ स्थित ईंट-भट्ठे से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

डेढ़ महीने पहले किराये पर लिया था कमरा

खैरथल-तिजारा के एसपी मनीष कुमार चौधरी के मुताबिक मजदूरी करने वाले हंसराम और उसकी पत्नी लक्ष्मी को करीब डेढ़ माह पहले जितेंद्र ने अपने मकान में किराये पर रहने के लिए कमरा दिलाया था। वहां से 27 किलोमीटर दूर कोटकासिम कस्बे के पुर गांव में जितेंद्र का खुद का ईंट-भट्ठा था। हालांकि कई साल पहले भट्ठा बंद हो गया था।

मकान मालिक से मांगा था नीला ड्रम

पुलिस को जांच में पता लगा कि जितेंद्र के लक्ष्मी से अवैध संबंध थे। दोनों ने हंसराम को रास्ते से हटाने के लिए उसकी गला रेतकर हत्या की और नीले ड्रम में शव छिपा दिया था। ड्रम को मकान मालिक से उसकी पत्नी लक्ष्मी ही मांगकर ले गई थी। आरोपी महिला को उसके प्रेमी के साथ जेल भेज दिया गया है। महिला के साथ उसकी छह महीने की अबोध बच्ची भी जेल गई है।

मां के साथ जेल गई अबोध बच्ची

लक्ष्मी और हंसराम के तीन बच्चे हैं। छह महीने की बेटी को पुलिस ने उसकी मां के साथ जेल भेज दिया है। वहीं, बेटा और दूसरी बेटी अपने बाबा खेमकरन के साथ रहेंगे। मंगलवार को कागजी लिखापढ़ी के बाद पुलिस ने हंसराम का शव उसके पिता खेमकरन को सौंप दिया। वह शव लेकर शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button