महादेव की काशी में दुर्गापूजा की धूम, पहली बार विराजेंगे प्रदेश के सबसे ऊंचे खाटू श्याम

वाराणसी; शिव की नगरी में शक्ति पूजन का उल्लास जल्द ही नजर आने लगा। मिनी बंगाल के रूप में मशहूर बनारस के पूजा पंडाल अब आकार लेने लगे हैं। हथुआ मार्केट में बनने वाला 60 फीट ऊंचा पंडाल का बेस बनकर तैयार हो चुका है। सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहली बार खाटू श्याम विराजमान होंगे। यहां पर प्रदेश की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी।

शारदीय नवरात्र में शिव की नगरी शक्ति की आराधना में तल्लीन रहेगी। 22 सितंबर से शारदीय नवरात्र की शुरूआत हो रही है। इस दौरान शहर भर में दुर्गा पूजा पंडाल में माता की प्रतिमाओं को विराजमान कराया जाएगा। शहर में आकर्षण का केंद्र हथुआ मार्केट में पंडाल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। 50वें वर्ष के पूजनोत्सव को खास बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

सनातन धर्म इंटर कॉलेज पूजन समिति के सूरज जायसवाल ने बताया कि इस बार भी हम लोग प्रदेश का सबसे ऊंचा पंडाल और प्रतिमा स्थापित करने जा रहे हैं। पहली बार हम लोग खाटू श्याम का दरबार सजाएंगे। सभी मूर्तियां इलेक्ट्रॉनिक रूप से संचालित की जाएंगी।

25 अगस्त से पंडाल और मूर्ति निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं दूसरी तरफ शहर के देवनाथपुरा, खोजवां, शिवपुर, अखरी बाईपास के इलाकों में मूर्तियों का निर्माण शुरू हो चुका है। कारखानों में पश्चिम बंगाल से मूर्तिकार बुलाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button