भाजपा की गुटबाजी खुलकर सामने आई… इन 22 बिंदुओं पर राज्यमंत्री और पूर्व सांसद पर लगाए ये गंभीर आरोप

कानपुर ;  कानपुर देहात जिला भाजपा की गुटबाजी सोमवार को खुलकर सामने आ गई। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला व उनके पति पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी के खिलाफ पार्टी के एक गुट ने मोर्चा खोल दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला व रनियां-विधानसभा प्रभारी डॉ. सतीश शुक्ला ने सोमवार को अकबरपुर के शहजादपुर स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता करके राज्यमंत्री और उनके पति पर 22 गंभीर आरोप लगाए हैं।

वहीं, राज्यमंत्री और उनके पति पूर्व सांसद ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। इनका कहना है कि आरोप लगाने वालों की कोई स्वतंत्र पहचान नहीं है। सभी सांसद के प्यादे हैं।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी व पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला व रनियां-विधानसभा के प्रभारी डॉ. सतीश शुक्ला प्रेसवार्ता में ने आरोप लगाया कि कई दलों से विश्वासघात करके भाजपा में आए पूर्व सांसद व राज्यमंत्री आए दिन पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हैं।

ब्राह्मण के नाम पर जातीय विद्वेष पैदा करके धन उगाही में लिप्त हैं। दोनों लोग संगठन और सरकार की स्वच्छ छवि को खराब कर रहे हैं। ईमानदार मुख्यमंत्री की छवि पर धब्बा लगा रहे हैं। जबकि सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।

इन लोगों ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार से अकबरपुर थाने में धरने के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के प्रति बयान दिया गया वह पार्टी के विरुद्ध दिया गया बयान है और निंदनीय है। यह भाजपा की रीति-नीति नहीं है। कहा कि पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी खुद को सबसे बड़ा ब्राह्मण नेता बताते हैं जबकि असल में वह हैं नहीं।

वहीं, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी ने कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। कोई भी धरना कार्यकर्ता व जनता के हित में उठाया गया कदम है। जो लोग प्रेसवार्ता में शामिल थे उन्हें चिह्नित कर लिया गया है। सभी के खिलाफ अवमानना का नोटिस वकील के माध्यम से भेजा जाएगा।

सभी आरोप झूठ का पुलिंदा, जनता सब जानती है : राज्यमंत्री
पार्टी नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों के जवाब में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रेसवार्ता में शामिल नेता विरोधी खेमे के हैं। इनकी कोई स्वतंत्र पहचान नहीं है। मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोप झूठ का पुलिंदा हैं। जनता सब जानती है।

Related Articles

Back to top button