मोहल्ले में घुमाए गए आरोपी: हत्या की हर कड़ी को पुलिस ने मौके पर दोहराया

पाली में चाकू मारकर युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को अम्बेडकर नगर (औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र) ले जाकर वारदात का रि-क्रिएशन करवाया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से मौके पर पूरी घटना का विवरण करवाया। हथकड़ी लगाए आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आए, जबकि आसपास मौजूद लोग मोबाइल से उनका वीडियो बनाते रहे।
SP आदर्श सिंधु ने बताया कि आरोपियों ने सार्वजनिक स्थान पर हत्या जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देकर शहर में दहशत फैलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वारदात के बाद आरोपियों को भगाने या पनाह देने वालों को भी आरोपी बनाया जाएगा। साथ ही, हत्या में शामिल आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी।
घटना का विवरण:
पाली शहर के अम्बेडकर नगर में रहने वाले 32 वर्षीय जितेन्द्र मेघवाल पुत्र जोराराम मेघवाल पर 24 अक्टूबर की दोपहर आरोपियों ने घेरकर चाकू से हमला किया था। उसे गंभीर हालत में बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने उसके पेट से करीब 9 इंच लंबा चाकू निकाला। हालत बिगड़ने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया, जहां 26 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार:
पुलिस ने इस मामले में प्रकाश उर्फ पकिया, महेन्द्र सिंह, और धीरज को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रकाश और महेन्द्र दोनों औद्योगिक थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं—प्रकाश पर 15 और महेन्द्र पर 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
28 अक्टूबर को पुलिस ने तीनों आरोपियों की परेड अम्बेडकर सर्किल से कोर्ट तक ढोल-थाली के साथ निकाली थी। सालों बाद पुलिस की इस तरह की कार्रवाई को देखकर लोगों ने उसकी सराहना की।





