12 वर्षीय बच्चे की तलाश जारी, गांव जाने के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हुआ बालक

अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के झारेड़ा गांव से 12 साल का एक नाबालिग बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। चार दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने उद्योग नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार बच्चा 20 मई की सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बच्चे की मां ने बताया कि वह करीब तीन महीने पहले खेड़ली के एक गांव से अलवर आई थीं और यहां एक कंपनी में काम करती हैं। उनकी बेटी ने रहने के लिए कमरा दिलवाया था, जहां वह अपने बेटे के साथ रह रही थीं।
परिवार के बाकी सदस्य और बच्चे के पिता गांव में ही रहते हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बच्चा गांव जाने के लिए घर से निकल पड़ा। शनिवार दोपहर उसे खेड़ली रेलवे स्टेशन पर बैठे हुए देखा गया था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों का कहना है कि बच्चा गांव पहुंचने के प्रयास में रास्ता भटक गया होगा। बेटे के लापता होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस आसपास के इलाकों और रेलवे स्टेशनों पर बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।





