गर्मी से राहत बरकरार: आज बारिश संभव, अगले दो दिन साफ रहेगा मौसम

शहर में गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आए तेज अंधड़ ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण शहर में सात स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, जबकि कई जगह बड़े पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। अंधड़ के साथ 5 से 7 मिनट तक हल्की बारिश भी हुई।
अंधड़ का सबसे ज्यादा असर शहर के दक्षिणी हिस्से में देखने को मिला। यहां पेड़ उखड़ने और बिजली के तार टूटने की घटनाएं सामने आईं। तीन स्थानों पर चार बिजली के पोल गिरने से कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित रही।
शांतिकुंज से काली मोरी मार्ग पर करीब 50 फीट ऊंचा सफेदा का पेड़ 33 केवी लाइन के टावर पर गिर गया, जिससे टावर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा एसएमडी सर्किल, पंचवटी, मनुमार्ग-बस स्टैंड रोड, साउथ वेस्ट ब्लॉक, घोड़ाफेर चौराहा, मिनी सचिवालय और चैतन्य एन्क्लेव में भी पेड़ गिरने व तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं 9 और 10 मई को मौसम सामान्य रहेगा, जबकि 11 मई को फिर अंधड़ और बारिश के आसार हैं।





