अलवर में धूलभरी आंधी के बाद बारिश और ओले: कई इलाकों में नुकसान

अलवर जिले में गुरुवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। थानागाजी और सरिस्का क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। करीब एक मिनट तक गिरे ओलों से कई जगह जमीन सफेद नजर आने लगी। वहीं अलवर शहर और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई।

अलवर शहर में दोपहर बाद घने बादल छा गए और करीब साढ़े तीन बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। जेल चौराहे सहित कई इलाकों में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिनभर उमस और तेज गर्मी से परेशान लोगों को मौसम बदलने से राहत मिली।

मंगल विहार इलाके में रोड किनारे खड़ी एक बस पर पेड़ गिर गया। हादसे में बस का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

पिछले सात दिनों से जिले में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज गर्मी तो कभी बादल और बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। इस दौरान जिले में दो बार ओलावृष्टि भी हो चुकी है। गोविंदगढ़ क्षेत्र में तेज अंधड़ से जनजीवन प्रभावित हुआ।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी और पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है।

Related Articles

Back to top button