मसूरी में बारिश बनी आफत: कैंपटी रोड पर ढहा बहुमंजिला भवन, लोगों में मची अफरातफरी

मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश का कहर जारी है। कैंपटी रोड क्षेत्र में शुक्रवार को एक बहुमंजिला भवन अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे के समय भवन में मौजूद पांच लोग तेज आवाज सुनते ही बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन गिरने से पहले तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद अंदर मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए और देखते ही देखते पूरा भवन मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में भवन के भीतर रखा सामान भी दबकर नष्ट हो गया।

बताया गया कि भवन में चार कमरे थे, जबकि इसकी छत पर एक रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। भवन के धराशायी होने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गनीमत रही कि समय रहते पांचों लोग भवन से बाहर निकल गए, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

लगातार बारिश के कारण मसूरी और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क क्षति और भवनों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जर्जर भवनों की जांच कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button