6 जिलों में बारिश का अलर्ट, 39 डिग्री पारा; राणा प्रताप सागर डैम का गेट खुला

राजस्थान में मंगलवार को सभी जिलों में मौसम साफ रहा। पिलानी, चूरू और गंगानगर समेत कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। दिन में हल्की गर्मी महसूस हुई, लेकिन रात का तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रहने पर हल्की ठंडक बनी रही।
मध्य प्रदेश में लगातार बारिश से राजस्थान के बांधों का जलस्तर बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह राणा प्रताप सागर डैम का एक गेट खोलकर 34 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सुबह 5 बजे सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट भी किया गया। यह मानसून सीजन में चौथी बार है जब डैम के गेट खोले गए हैं। फिलहाल जलस्तर 1157.49 फीट और आवक 22,928 क्यूसेक बनी हुई है।
गांधी सागर बांध के कैचमेंट एरिया में बारिश का असर राणा प्रताप सागर, जवाहर सागर और कोटा बैराज तक दिख रहा है।
मौसम विभाग ने बुधवार को 6 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं तापमान में उतार-चढ़ाव और नमी बढ़ने से मौसमी बीमारियां भी बढ़ने लगी हैं।





