25 हजार फीट की ऊंचाई पर आई दिक्कत, जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुई फ्लाइट

जयपुर से पुणे जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-1077 मंगलवार सुबह टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस लौट आई। उड़ान 4:50 बजे निर्धारित समय से पहले रवाना हुई थी और करीब 25 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद कॉकपिट गेट में समस्या आने पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। फ्लाइट सुबह 5:15 बजे सुरक्षित जयपुर एयरपोर्ट पर उतारी गई।
करीब 70 यात्रियों से भरी इस फ्लाइट को बाद में कैंसिल कर दिया गया। यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि खराबी थी तो उड़ान भरनी ही नहीं चाहिए थी। कई पैसेंजर्स अब रिफंड की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट दो महीने पहले भी संचालन कारणों से अचानक कैंसिल हो चुकी थी, जिससे 60 यात्री प्रभावित हुए थे।





