लोगों ने नगर निगम से की मांग: पागल कुत्तों को पकड़कर शहर को सुरक्षित बनाओ

डीग में एक पागल कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। कुत्ते ने बाजार में कई राहगीरों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। डॉ. शोभित सिंगल के अनुसार, अब तक 20 लोग कुत्ते के काटने से घायल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं।

घायल लोगों ने बताया कि वे अपने गांव से डीग बाजार काम और सामान लेने आए थे। इसी दौरान कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को डीग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कुत्ते के आतंक से बाजार में जाने से लोग कतरा रहे हैं। उन्हें डर है कि कहीं यह पागल कुत्ता किसी बच्चे को अपना शिकार न बना ले। लोगों ने नगर परिषद कर्मचारियों से इस कुत्ते को पकड़ने की मांग की है ताकि कोई बड़ी जनहानि न हो।

डॉ. शोभित सिंगल ने जानकारी दी कि कुत्ते के काटने से घायल हुए लगभग 20 मरीजों को प्राथमिक उपचार और रेबीज का टीका लगाया जा चुका है। सभी घायलों का उपचार जारी है।

Related Articles

Back to top button