रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में प्रियंका वाड्रा के बेटे ने दोस्त के साथ की टाइगर सफारी

न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी बीच मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी बहन एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ रणथम्भौर पहुंचे। बताया जा रहा है कि गांधी परिवार यहां चार दिन तक प्रवास करेगा।

सूत्रों के अनुसार, इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा और उनकी दोस्त अवीवा बेग की रिंग सेरेमनी को लेकर भी चर्चाएं हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रेहान और अवीवा ने ली टाइगर सफारी की साइटिंग

इस बीच रेहान वाड्रा और अवीवा बेग ने रणथम्भौर में टाइगर सफारी की और वन्यजीवों की साइटिंग का आनंद लिया। दोनों को कैप पहने हुए देखा गया। सफारी के दौरान उन्होंने जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और टाइगर मूवमेंट का लुत्फ उठाया।

काफिले के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का काफिला रणथम्भौर पहुंचा। इस दौरान मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, जबकि होटल परिसर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा रणथम्भौर स्थित पांच सितारा होटल शेर बाग में ठहरे हैं, जहां वे अवीवा बेग के परिवार के साथ समय बिताएंगे। प्रवास के दौरान गांधी परिवार निजी समय के साथ-साथ रणथम्भौर की प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद ले सकता है।

प्रियंका गांधी की सफारी की संभावना

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर की पारी में प्रियंका गांधी वाड्रा के रणथम्भौर टाइगर रिजर्व भ्रमण की संभावना है। वन विभाग की ओर से शाम की पारी में प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम से जिप्सी बुक कराई गई है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आगमन से रणथम्भौर क्षेत्र में राजनीतिक और पर्यटक गतिविधियां बढ़ गई हैं।

इस साल राहुल का दूसरा और प्रियंका का तीसरा दौरा

रणथम्भौर टाइगर रिजर्व गांधी परिवार के पसंदीदा स्थलों में से एक माना जाता है। अक्सर गांधी परिवार के सदस्य यहां आते रहे हैं। यह इस वर्ष राहुल गांधी का दूसरा, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा का तीसरा रणथम्भौर दौरा बताया जा रहा है।

रिंग सेरेमनी की चर्चा, पुष्टि नहीं

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की रिंग सेरेमनी की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बचपन के दोस्त हैं और हाल ही में एक-दूसरे को प्रपोज कर चुके हैं। फिलहाल सोनिया गांधी के रणथम्भौर पहुंचने की कोई सूचना नहीं है।

Related Articles

Back to top button