स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज, दलों ने शुरू की रणनीतिक बैठकें

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने निर्धारित समय के भीतर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन का भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। शीर्ष नेतृत्व की सहमति और समर्थन के चलते उनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में उतरने की संभावना बेहद कम है। यदि कोई नामांकन वापस नहीं लिया जाता, तो मंगलवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
चुनाव प्रक्रिया की टाइमलाइन
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन आज दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक दाखिल किए गए। इसके बाद शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच नामांकन पत्रों की जांच हुई, जबकि 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया रखी गई। जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा, हालांकि फिलहाल इसकी संभावना नहीं है।
कल होगा शपथ ग्रहण
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन कल सुबह 11:30 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
कौन हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन बिहार के अनुभवी नेता और मजबूत संगठनकर्ता माने जाते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था। हाल ही में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और अब वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।





