‘तमिलनाडु बनाम दिल्ली’ की सियासी जंग, M. K. Stalin का विपक्ष पर तीखा हमला

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल तेज हो गया है। मुख्यमंत्री M. K. Stalin ने सत्तारूढ़ डीएमके-नेतृत्व वाले गठबंधन की प्रचंड जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मिल रही भारी जनसमर्थन और भीड़ इस बात का संकेत है कि गठबंधन सभी 234 सीटों पर जीत दर्ज कर सकता है।
कोलाथुर सीट से उम्मीदवार स्टालिन ने कहा कि पहले गठबंधन ने 200 से अधिक सीटों का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि हर सीट पर जीत संभव नजर आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष की एकजुटता भी उनकी जीत को नहीं रोक पाएगी।
मुख्यमंत्री ने ‘तमिलनाडु बनाम दिल्ली’ के अपने बयान को दोहराते हुए आरोप लगाया कि एआईएडीएमके केंद्र के प्रभाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई राज्य के स्वाभिमान की है और जनता इसका जवाब देगी।
तमिलनाडु में मतदान एक ही चरण में 23 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। मुख्य मुकाबला डीएमके-नेतृत्व वाले गठबंधन और एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन के बीच माना जा रहा है। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना भी जताई जा रही है।





