डेंगू से एक व्यक्ति की मौत, तीन अन्य की संदिग्ध संक्रमण से मौत; चिकित्सा अधिकारी समेत तीन निलंबित

गढ़चिरौली:महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के मुलचेरा तहसील में डेंगू और उसके संदिग्ध बुखार से चार लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि बाकी तीन संदिग्ध मामले थे। लापरवाही बरतने पर एक मेडिकल अफसर और दो स्वास्थ्यकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
मुलचेरा तहसील में अब तक 117 लोग डेंगू पॉजिटिव
जिला स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मुलचेरा के 10-12 गांवों में अब तक 117 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। मौत के मामले 6, 8, 11 और 13 अगस्त को सामने आए, जिनमें से तीन मरीज निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मरे। ये सभी गांव लगाम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के अंतर्गत आते हैं।
डेंगू-मलेरिया के कुल 666 सैंपल लिए गए
स्वास्थ्य विभाग को इस क्षेत्र में डेंगू फैलने की जानकारी 7 अगस्त को मिली थी। फिलहाल 15 टीमें 25 गांवों में सर्वे कर रही हैं और डेंगू-मलेरिया के लिए सैंपल ले रही हैं। अब तक 666 सैंपल लिए गए, जिनमें से 117 NS1 टेस्ट में पॉजिटिव मिले।
प्रभावित इलाकों में फॉगिंग समेत कार्यक्रम जारी
वहीं इलाके में इस गंभीर स्थिति को संभालने के लिए चार अतिरिक्त डॉक्टर, दो लैब टेक्नीशियन और 22 स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रभावित गांवों में मच्छरों और उनके लार्वा को नष्ट करने के लिए फॉगिंग, जागरूकता अभियान और अन्य जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
डेंगू एक वायरल बुखार है जो एडीज एजिप्टी नाम के मच्छर के काटने से फैलता है। यह खासतौर पर बरसात और उसके बाद के मौसम में ज्यादा फैलता है। समय रहते इसके लक्षण पहचानकर इलाज करना और बचाव के उपाय अपनाना बहुत जरूरी है।
डेंगू के मुख्य लक्षण
- डेंगू के लक्षण अक्सर संक्रमण के 4–10 दिन बाद दिखाई देते हैं।
- तेज बुखार – अचानक तेज बुखार आना, उल्टी या जी मिचलाना
- सिरदर्द – खासकर आंखों के पीछे तेज दर्द।
- मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द – इतना कि इसे कभी-कभी हड्डी तोड़ बुखार भी कहा जाता है।
- थकान और कमजोरी – बुखार उतरने के बाद भी लंबे समय तक कमजोरी रहना।
- चमड़ी पर लाल चकत्ते – शरीर या हाथ-पैर पर छोटे-छोटे लाल धब्बे।
- गंभीर मामलों में – नाक/मसूड़ों से खून आना, पेट में दर्द, सांस लेने में दिक्कत, प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से गिरना।





