साउथ सुपरस्टार विजय की नई पारी: TVK ने उन्हें बनाया मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार

तमिल फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्त्री कझगम (TVK) पार्टी के प्रमुख थलपति विजय को पार्टी ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। साथ ही उन्हें गठबंधन से जुड़े अंतिम निर्णय लेने का अधिकार भी सौंपा गया है।
महाबलीपुरम के एक निजी होटल में बुधवार को आयोजित टीवीके की विशेष महासभा बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक के दौरान विजय अपने ट्रेडमार्क सफेद शर्ट और हल्की दाढ़ी वाले लुक में पहुंचे।
महिलाओं की सुरक्षा से लेकर मछुआरों के मुद्दे तक 12 प्रस्ताव पारित
महासभा की बैठक में कुल 12 प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें तमिलनाडु की महिलाओं की सुरक्षा, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी और मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया (SIR) जैसे अहम मुद्दे शामिल थे।
करूर हादसे में मारे गए 41 लोगों को श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत करूर रैली स्टांपेड हादसे में मारे गए 41 लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को नमन किया।
साथ ही एक प्रस्ताव में विजय और आम जनता को टीवीके आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा देने की मांग भी की गई।
‘रणनीतिक फैसले सही समय पर होंगे’ — विजय
विजय ने महासभा में कहा कि मौजूदा राजनीतिक माहौल पार्टी के पक्ष में है, इसलिए आगामी चुनावों को लेकर सभी रणनीतिक निर्णय सही समय पर लिए जाएंगे।
टीवीके ने पहले ही यह घोषणा कर दी है कि वह 2026 के विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।
पिछले कुछ महीनों से विजय लगातार राज्य की सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर निशाना साध रहे हैं, और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।





