नवी मुंबई एयरपोर्ट ने रचा इतिहास: पहले दिन आम यात्रियों नहीं, श्रमिक बने पहली उड़ान के मुसाफिर

नवी मुंबई के नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के उद्घाटन दिवस पर गुरुवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। हवाई अड्डे के निर्माण में वर्षों तक पसीना बहाने वाले कई श्रमिक भी पहली उड़ान के यात्री बने। यह पहल न सिर्फ श्रमिकों के सम्मान का प्रतीक रही, बल्कि भारत की बुनियादी ढांचा विकास यात्रा में एक अहम पड़ाव भी साबित हुई।

इस अवसर पर गौतम अदाणी ने उद्घाटन उड़ान के यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने एयरपोर्ट स्टाफ, फ्रंटलाइन वर्कर्स और पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों से बातचीत की। गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उद्घाटन दिवस का वीडियो साझा करते हुए कहा कि श्रमिकों की मेहनत और संकल्प के कारण यह परियोजना रिकॉर्ड समय में पूरी हो सकी।

“मुस्कुराते चेहरे देश की प्रगति की तस्वीर”

अपने पोस्ट में गौतम अदाणी ने लिखा कि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी वही लोग बने, जिन्होंने इस सपने को जमीन पर उतारा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के चेहरों पर दिखती खुशी भारत की आगे बढ़ती तस्वीर को दर्शाती है।

उद्घाटन उड़ान में शामिल कई यात्री पहली बार विमान में बैठे थे। एक महिला यात्री ने बताया कि यह उनके जीवन की पहली फ्लाइट थी और वह बेहद उत्साहित हैं। वहीं, कुछ श्रमिक ऐसे भी थे जिन्होंने हवाई अड्डे की नींव रखने से लेकर इसके तैयार होने तक काम किया और अब उसी एयरपोर्ट से उड़ान भरने का अनुभव लिया।

मुंबई में मल्टी-एयरपोर्ट सिस्टम की शुरुआत

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के चालू होने के साथ ही मुंबई अब लंदन, न्यूयॉर्क, टोक्यो और शंघाई जैसे वैश्विक शहरों की कतार में शामिल हो गया है, जहां एक से अधिक हवाई अड्डे संचालित होते हैं। यह मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए एक सच्चे मल्टी-एयरपोर्ट सिस्टम की शुरुआत मानी जा रही है।

इस हवाई अड्डे का विकास और संचालन Adani Airports Holdings Limited द्वारा किया गया है, जो Adani Enterprises Limited की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई है। इसका उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करना है।

पहले ही दिन 48 उड़ानें, 4 हजार से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर

उद्घाटन के मौके पर पहली वाणिज्यिक उड़ान IndiGo की बेंगलुरु से आई फ्लाइट थी, जो सुबह 8 बजे वाटर कैनन सलामी के साथ उतरी। पहले ही दिन एयरपोर्ट से 9 घरेलू गंतव्यों के लिए 48 उड़ानों का संचालन हुआ और 4,000 से अधिक यात्रियों ने यहां से सफर किया।

करीब 1,160 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह हवाई अड्डा पूर्ण रूप से तैयार होने पर सालाना 9 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। शुरुआती चरण में इसकी क्षमता 2 करोड़ यात्रियों और 5 लाख मीट्रिक टन कार्गो संचालन की है।

Related Articles

Back to top button