गंभीर आरोपों में घिरे विधायक राहुल ममकुटाथिल फरार, पुलिस ने शुरू की छापेमारी

दुष्कर्म के आरोपों में घिरे केरल कांग्रेस के निलंबित विधायक राहुल ममकुटाथिल की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पीड़िता की शिकायत पर तिरुवनंतपुरम के वलियामाला पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले गुरुवार को पीड़िता ने मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से मुलाकात की थी। शिकायत मिलने के बाद रात में उनका बयान दर्ज किया गया और शुक्रवार सुबह FIR दर्ज की गई।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जिनमें शामिल हैं—

  • दुष्कर्म
  • जबरन गर्भपात
  • शारीरिक शोषण
  • पीछा करना
  • धमकाना

विधायक के करीबी जोबी जोसेफ के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसी ने पीड़िता को गर्भपात की दवाई दी थी। तिरुवनंतपुरम सिटी पुलिस कमिश्नर की अगुवाई में एक विशेष टीम जांच कर रही है। पीड़िता के बयान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज कराए जाएंगे। मेडिकल जांच के लिए डॉक्टरों का एक पैनल भी गठित किया गया है।

FIR के बाद से विधायक फरार

मामला दर्ज होने के बाद से राहुल ममकुटाथिल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस लगातार उनसे संपर्क की कोशिश कर रही है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गुरुवार शाम तक ममकुटाथिल कनाडी इलाके में चुनाव प्रचार कर रहे थे, लेकिन उसके बाद से उन्हें कहीं नहीं देखा गया।

कांग्रेस पार्टी पहले ही उन्हें इस मामले के सामने आने पर 25 अगस्त को निलंबित कर चुकी है।

कई महिलाओं ने लगाए आरोप

राहुल ममकुटाथिल पहले केरल यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे। विपक्ष के बढ़ते विरोध और आरोपों के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। विधायक के खिलाफ कई अन्य महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने भी दुष्कर्म व शोषण के आरोप लगाए हैं।

Related Articles

Back to top button