मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, समुद्र में मछुआरों को न जाने की सलाह

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में मौसम बदलने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से गहरे दबाव में तब्दील हो रहा है, जो आगे चलकर चक्रवात और फिर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि यह संभावित चक्रवात 28 अक्तूबर की शाम या रात को आंध्र प्रदेश तट पर माचिलीपट्टनम और कलिंगापट्टनम के बीच काकिनाडा के पास जमीन से टकरा सकता है। इसके असर से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आईएमडी ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है और तटीय इलाकों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।





