10 घंटे तक जलता रहा जोधपुर का इलाका, बिल्डिंग में केमिकल स्टॉक से लगातार धमाके

जोधपुर के लाल पुलिया इलाके में गुरुवार रात करीब 8:30 बजे रंगसागर के तीन मंजिला कलर गोदाम में आग लग गई। गोदाम में स्टोर किए गए थिनर, स्प्रिट और पेंट के डिब्बों में लगातार धमाके होते रहे। हादसे की वजह से इलाके में अफरातफरी मच गई, लोग गाड़ियों से भागते नजर आए और पास के नेचुरोपैथी सेंटर को खाली कर मरीज शिफ्ट किए गए।

आग बुझाने के लिए एयरफोर्स की फायर टीम और नगर निगम की 12 फायर ब्रिगेड गाड़ियां रातभर मौके पर जुटीं। फायरब्रिगेड ने पानी और भारी मात्रा में फोम का इस्तेमाल कर लगभग 10 घंटे बाद आग पर काबू पाया। स्काई लैडर से ऊपरी मंजिलों पर पानी डालकर लपटों को नियंत्रित किया गया।

गोदाम में दो से तीन करोड़ रुपये का स्टॉक था, जिसमें दीपावली सीजन के लिए भरपूर ऑयल पेंट, थिनर और स्प्रिट रखे गए थे। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग के कारण पूरे इलाके की बिजली कई घंटे तक गुल रही।

जांच में यह भी सामने आया कि बिल्डिंग के पास लगभग 100 मीटर दूर एक केमिकल से भरा टैंकर खड़ा था। इसे क्रेन की मदद से मौके से हटा लिया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मिनटों में आग पूरे गोदाम में फैल गई और धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। हादसे की प्राथमिक जांच चल रही है, और अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button